गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के पोखरियाडीह में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, लगभग 65 वर्षीय फूलचंद मंडल पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी बगोदर की ओर जा रहा ट्रक (संख्या JH2 02 AT 3585) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त करते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर भेजा गया।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवारजन का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को मजबूत करने की अपील भी की है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करता है।












