Aba News

राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2025, थाईलैंड में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

राजस्थान की बेटी मनिका विश्वकर्मा ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने पूरे देश की 48 प्रतिभाशाली कंटेस्टेंट्स को पछाड़ते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज अपने नाम कर लिया। 18 अगस्त को आयोजित इस ग्रैंड फिनाले में मनिका ने अपनी सुंदरता, आत्मविश्वास और बुद्धिमत्ता से न सिर्फ जूरी को प्रभावित किया बल्कि पूरे भारत का मान भी बढ़ाया। उत्तर प्रदेश की तान्या शर्मा फर्स्ट रनर-अप, हरियाणा की महक ढींगरा सेकंड रनर-अप और अमीषी कौशिक थर्ड रनर-अप रहीं।

जयपुर में आयोजित इस शानदार इवेंट में बॉलीवुड की ग्लैमर वर्ल्ड से लेकर फैशन इंडस्ट्री तक की बड़ी हस्तियां मौजूद थीं। मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा ने मनिका को ताज पहनाकर सम्मानित किया। इवेंट में उर्वशी रौतेला, फरहाद सामजी और मशहूर स्टाइलिश असले रोबेलो जैसे जज मौजूद थे। प्रतियोगिता कई राउंड्स में बंटी रही – शुरुआत धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस से हुई, फिर इंट्रोडक्शन, स्विमसूट राउंड और इवनिंग गाउन राउंड ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टॉप 11 कंटेस्टेंट्स के बीच हुए प्रश्नोत्तर राउंड में मनिका ने अपनी शानदार बुद्धिमत्ता और आत्मविश्वास से जूरी का दिल जीतकर ये खिताब अपने नाम किया।

अब पूरी दुनिया की निगाहें मनिका विश्वकर्मा पर टिकी हैं क्योंकि वह भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में, जो 21 नवंबर 2025 को थाईलैंड के नोंथाबुरी स्थित इम्पैक्ट चैलेंजर हॉल में आयोजित होगी। यह सिर्फ राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण है। मनिका के इस सफर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लगन और आत्मविश्वास से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें