गिरिडीह जिले के पचंबा चौक पर झारखंड लोककल्याण मोर्चा (JLKM) के कार्यकर्ताओं ने झूठे केस के विरोध में गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया और पचंबा थाना प्रभारी का पुतला दहन कर उनके खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन का नेतृत्व मोहम्मद असलम और इमरान अंसारी ने किया, जो टावर चौक से शुरू होकर पचंबा चौक तक चला। कार्यकर्ताओं ने झूठी एफआईआर को तत्काल वापस लेने की मांग की।

वहीं, इस सार्वजनिक पुतला दहन की कई समाजसेवियों, महिलाओं और बुद्धिजीवियों ने कड़ी आलोचना की। उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियां समाज में सौहार्द बिगाड़ सकती हैं। विरोध के दौरान पवन कंधवे, इस्तियाक उर्फ लालो, विनय खेतान, हाजी सिराज अंसारी, प्रेरणा तिवारी, रेखा कुमारी, सुमिता देवी समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे। कई नागरिकों ने पचंबा थाना प्रभारी की मुहर्रम और रामनवमी जैसे अवसरों पर निभाई गई भूमिका की सराहना करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।












