Aba News

रथयात्रा से पहले ओडिशा के अस्थायी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, रिटायरमेंट पर मिलेंगे ढाई लाख

रथयात्रा से पहले ओडिशा के अस्थायी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, रिटायरमेंट पर मिलेंगे ढाई लाख भुवनेश्वर, 26 जून (आईएएनएस)। विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा से ठीक पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के अस्थायी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सेवा समाप्ति पर मिलने वाले एकमुश्त लाभ को 1.5 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपए करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नए फैसले के अनुसार, कोई भी अस्थायी कर्मचारी जिसकी सेवा समाप्त हो रही है, चाहे वह नियमित पद पर समायोजित न हो या पांच वर्ष की सेवा पूरी न की हो। उसे अब 2.5 लाख रुपए की एकमुश्त राशि दी जाएगी। वहीं, वे कर्मचारी जो नियमित पद पर पांच साल से अधिक की सेवा कर चुके हैं, उन्हें सेवानिवृत्ति के समय न्यूनतम 2.5 लाख रुपए की ग्रेच्युटी राशि मिलेगी। इसके अलावा, सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि यह एकमुश्त लाभ हर दो वर्षों में 10 प्रतिशत की दर से बढ़ाया जाएगा। इसके लिए विभागों को वित्त विभाग से पूर्व अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होगी; वे स्वतः यह वृद्धि लागू कर सकेंगे। रथयात्रा से एक दिन पहले आई इस घोषणा से राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत हजारों अस्थायी कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। यह फैसला कर्मचारियों के कल्याण के प्रति मुख्यमंत्री की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बता दें कि इस वर्ष रथयात्रा शुक्रवार से आरंभ हो रही है। इस पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ तीन विशाल रथों पर सवार होकर अपनी मौसी के घर, गुंडिचा मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। भगवान जगन्नाथ नंदीघोष रथ पर विराजमान होंगे, भगवान बलभद्र तालध्वज रथ पर, जबकि देवी सुभद्रा दर्पदलन रथ में अपना स्थान ग्रहण करेंगी। –आईएएनएस डीएससी/एबीएम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें