शुक्रवार को गिरिडीह समाहरणालय परिसर से माननीय मंत्री, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, झारखंड श्री सुदिव्य कुमार ने गिरिडीह उपायुक्त श्री रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रथ 30 जून तक जिले के चयनित विद्यालयों में पहुंचेगा और प्रत्येक विद्यालय में तीन दिनों तक रुककर छात्रों को विज्ञान की रोचक और व्यावहारिक जानकारी देगा। पहले दिन विज्ञान प्रदर्शनी, दूसरे दिन साइंस डेमो लेक्चर और तीसरे दिन फिल्म व टेलीस्कोप शो आयोजित किए जाएंगे।

मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि यह पहल न केवल विज्ञान को गांव-गांव तक पहुंचाएगी, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को भी प्रोत्साहित करेगी। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद और झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।













