Aba News

मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर झारखंड भाजपा चलाएगी विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला

केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर झारखंड प्रदेश भाजपा पूरे राज्य में 5 जून से लेकर 30 जून तक कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी ने कार्यक्रमों की इस श्रृंखला को “विकसित भारत का अमृत काल, सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल” नाम दिया है।

इन कार्यक्रमों के स्वरूप और इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और सोशल मीडिया के प्रमुख शामिल रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि देश की जनता ने विकसित भारत, स्वाभिमानी भारत और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए तीसरी बार मोदी सरकार के संकल्प को पूरा किया है। यह सरकार लगातार 11 वर्ष से जनता की उम्मीदों और विश्वासों पर खरा उतर रही है। यह पहली केंद्र सरकार है, जो विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ भारत सरकार विकसित भारत के संकल्पों को लेकर बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर झारखंड प्रदेश की हेमंत सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में भी लूट, भ्रष्टाचार, अपराध से ऊपर नहीं उठ रही। इस सरकार का चेहरा विकास विरोधी और जन विरोधी बनकर रह गया है। मरांडी ने कहा कि 5 जून से 30 जून तक प्रदेश से लेकर मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रम के दौरान हम जहां केंद्र सरकार की बेमिसाल उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे, वहीं दूसरी ओर हेमंत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नाकामियों को उजागर करेंगे।

कार्यशाला में बताया गया कि 5 जून को पर्यावरण दिवस पर लाखों कार्यकर्ता “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रदेश भर में पौधरोपण करेंगे। 10 एवं 11 जून को जिला केंद्रों पर प्रेस वार्ता और प्रोफेशनल मीटिंग आयोजित कर लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे।

साथ ही, 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर संकल्प सभा, 15 से 17 जून तक पंचायत स्तर पर चौपाल, आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों का पंजीकरण, 17 से 20 जून योग प्रशिक्षण और 21 जून को योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे। 23 जून को पार्टी के प्रेरणा पुरुष डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम और 24 जून को सभी 264 प्रखंड में पार्टी राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। 25 जून को पार्टी आपातकाल की बरसी ‘लोकतंत्र हत्या दिवस’ के रूप में मनाकर कांग्रेस की कारगुजारियों से जनता को अवगत कराएगी। 29 जून को भाजपा कार्यकर्ता सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनेंगे और 30 जून को ‘हूल दिवस’ के कार्यक्रम आयोजित होंगे।

–आईएएनएस

एसएनसी/डीएससी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें