गावां (गिरिडीह) : ग्राम पंचायत पिहरा पश्चिमी के पंचायत सचिवालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला गव्य विकास पदाधिकारी श्री दीपेंद्र सिंह और उनके सहयोगी श्री शुभम जी ने पशुपालन से जुड़ी अहम जानकारियां प्रदान कीं। इस प्रशिक्षण में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और गाय-भैंस पालन के आधुनिक तरीकों से परिचित हुईं। महिलाओं को बताया गया कि अपने पशुओं का स्वास्थ्य बनाए रखना, उन्हें स्वच्छ पानी, पौष्टिक चारा, और नियमित दवाइयां देना बेहद आवश्यक है। साथ ही, अधिक दूध उत्पादन के लिए पशुओं की सही देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया गया। गाय की विभिन्न नस्लों, उनके लक्षणों और बीमारियों की पहचान के उपाय समझाए गए।
कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इस दौरान गर्भाधान, पशुओं के आवास और बीमारियों के रोकथाम से संबंधित सुझाव प्रदान किए गए। ग्राम पंचायत के मुखिया अमित कुमार ने बताया कि ग्रामीण महिलाएं पशुपालन में संलग्न हैं, लेकिन संसाधनों और जानकारी की कमी के कारण वे अपने पशुओं की उचित देखभाल नहीं कर पातीं। इसी समस्या को देखते हुए जिला गव्य विकास पदाधिकारी से प्रशिक्षण का अनुरोध किया गया, जिसके लिए पूरे पंचायत की ओर से आभार प्रकट किया गया।



