गिरिडीह बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडोली मोड़ के समीप मधवाडीह में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।मृतक की पहचान राजेश साव उर्फ टिंकू साव (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जेरूआडीह पंचायत के डाकबंगला पिरहाकट्टा गांव का निवासी था और डाकबंगला चौक पर किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि छह महीने पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। जानकारी के अनुसार, राजेश अपनी पत्नी को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सीतलपुर स्थित मायके छोड़कर देर शाम बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान गिरिडीह–महेशमुंडा मुख्य मार्ग पर मधवाडीह के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस द्वारा गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों ने खंडोली मोड़ और मधवाडीह क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।












