तियानजिन (चीन) में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने औपचारिक रूप से पीएम मोदी का स्वागत किया। इस अवसर पर मोदी ने मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. ओली, मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली, बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको और ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमान से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुलाकातों के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत के पड़ोसी देशों और वैश्विक साझेदारों के साथ आर्थिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक सहयोग नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग को भारत में 2026 में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता भी दिया, जिसे चीन ने सहर्ष स्वीकार किया। भारत के लिए यह कूटनीतिक मुलाकातें वैश्विक स्तर पर सहयोग और विश्वास को मजबूत करने का संकेत मानी जा रही हैं।












