राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ़ गिरिडीह एलिट द्वारा सिहोडीह स्थित प्रगति केंद्र संस्था के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सॉल, बुके और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया। क्लब अध्यक्ष लायन दशरथ प्रसाद ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी मोबाइल और सोशल मीडिया में अधिक समय व्यतीत कर रही है,

जिससे उनका स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही है। ऐसे में खेलों में भागीदारी जरूरी है, क्योंकि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा सरकारी स्तर पर भी खिलाड़ियों को विशेष अवसर और नौकरी में आरक्षण मिलता है। क्लब निदेशक लायन राजेश गुप्ता ने भी खेलों को जीवन में सफलता का माध्यम बताते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। समारोह में अंकित कुमार (बैडमिंटन), प्रेम सिंह (क्रिकेट), सागर कुमार रजक (जूडो), रूपा कुमारी (कबड्डी), सोनू कुमारी (खो-खो) और विवेक कुमार (फुटबॉल) को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लायन गुंजन कुमार शर्मा, लायन मसरूर आलम सिद्दीकी और लायन अवनीश अंशु की सराहनीय भूमिका रही।













