Aba News

रांची में दर्दनाक हादसा! चलते ऑटो पर गिरा विशाल पेड़, चालक की मौत – प्रशासन और वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

राजधानी रांची में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के बीच शनिवार को तुपुदाना-खूंटी मुख्य सड़क स्थित दसमाईल चौक पर बड़ा हादसा हो गया। एक विशालकाय आम का पेड़ अचानक चलते ऑटो पर गिर गया, जिसमें चालक अश्विन लकड़ा (30 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि ऑटो में सवार तीन यात्री सुरक्षित बच गए। यह हादसा न सिर्फ लोगों को झकझोर गया, बल्कि प्रशासन और वन विभाग की लापरवाही भी उजागर करता है।

मिली जानकारी के अनुसार ऑटो तुपुदाना से खूंटी की ओर जा रहा था। तभी सड़क किनारे खड़ा वर्षों पुराना पेड़ अचानक टूटकर ऑटो पर गिर गया। खरसीदाग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को गंभीर हालत में रिम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से इलाके के लोगों में गहरा आक्रोश है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक सड़क किनारे खड़े सूखे और कमजोर पेड़ आम जनता की जान लेते रहेंगे।

गौरतलब है कि महज़ दो दिन पहले नामकुम के सदाबहार चौक के पास भी पेड़ गिरने से सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें दो युवकों की मौत और एक युवती घायल हो गई थी। इसके बावजूद वन विभाग अब तक कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत सड़क किनारे खड़े सूखे और कमजोर पेड़ों की पहचान कर उन्हें काटना चाहिए, वरना ऐसे हादसे आगे भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें