गिरिडीह, 30 जुलाई 2025: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज गांडेय प्रखंड स्थित नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कक्षाओं, रसोईघर, शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई और बच्चों को मिल रही सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और किसी भी प्रकार की कठिनाइयों को लेकर संवाद किया और शिक्षकों को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने विद्यालय में उपस्थिति पंजी, अभिलेखों व आधारभूत संरचना की स्थिति की भी जांच की। उन्होंने कहा कि बच्चों का मानसिक, बौद्धिक व नैतिक विकास सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा ही देश के भविष्य की नींव है। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, गोपनीय प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया।













