गिरिडीह पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर खुखरा थाना पुलिस ने शनिवार (27 दिसंबर 2025) को जमुआटांड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से लदी एक टाटा नेक्सोन कार को जब्त किया है। वाहन जांच अभियान के दौरान काले रंग की नेक्सोन कार पुलिस को देखकर भागने लगी, जिस पर संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर हनुमान मंदिर, जमुआटांड़ के पास वाहन को रोक लिया। जांच में कार की डिक्की से तीन कार्टन में रखी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों—तेजलाल साव (26), प्रदीप साव (23) और प्रमेश्वर साव—को गिरफ्तार किया है, जो बरमोरिया, थाना मुफ्फसिल, गिरिडीह के निवासी हैं। बरामद शराब में Royal Stag, Royal Challenge, B7 और I Coniq White ब्रांड शामिल हैं, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 29,600 रुपये बताई गई है। इस छापेमारी दल में थाना प्रभारी निरंजन कच्छप सहित पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












