गिरिडीह शहरी क्षेत्र में कुछ उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग पर गलत तरीके से अधिक बिल थोपने का आरोप लगाया है। शनिवार को पावर हाउस स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे नेमीचंद जैन, राजीव कुमार और अन्य लोगों ने विद्युत अभियंता के नाम आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अचानक इजाफा कर दिया गया, जबकि बिजली का वास्तविक उपयोग कम था। पिछले एक साल से कई बार आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उपभोक्ताओं ने विभाग से तुरंत सुधार की मांग की है। इस दौरान मौके पर नौकेश जैन, अभिषेक शर्मा, शशि शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और सोमवार तक इसकी पूरी जांच कर ली जाएगी। इस कदम से उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













