Aba News

नशे में धुत पति का तांडव: जेसीबी से ससुराल की चारदीवारी तोड़ी, मचा हड़कंप

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज पति ने नशे की हालत में जेसीबी से ससुराल की चारदीवारी तोड़ दी। आरोपी की पहचान पिंटू मंडल के रूप में हुई है, जो गादी-चुंगलों गांव का रहने वाला है। बताया गया कि करीब साढ़े चार साल पहले हुई शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। गुस्से में पिंटू मंडल जेसीबी लेकर ससुराल पहुंचा और घर तोड़ने की धमकी देने लगा। आसपास के लोग जुटते देख वह मौके से फरार हो गया।

वहीं पत्नी उर्मिला ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। उर्मिला का कहना है कि इसी डर से वह अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही है। मामले की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी विभूतिदेव कुमार ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें