गिरिडीह, 24 दिसंबर 2025: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी परिवहन, यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त अनुपालन, हिट एंड रन मामलों के त्वरित निष्पादन, आईआरएडी ऐप पर दुर्घटना से संबंधित मृतक व घायलों की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से साइन बोर्ड बढ़ाने, स्पीड कंट्रोल उपायों और दुर्घटना डेटा के विश्लेषण पर जोर दिया गया।

बैठक में ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां सुधार कार्य, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण, हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, वाहन जांच अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने हेलमेट, सीट बेल्ट और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी ने राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए आम लोगों से दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की अपील की।













