गिरिडीह की सांस्कृतिक और सामाजिक संस्था ‘द रंग’ द्वारा 23 व 24 दिसंबर को राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता ‘आजा नचले’ का आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय कार्यक्रम गिरिडीह नगर भवन में आयोजित किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, रेड क्रॉस चेयरमैन अरविंद कुमार, रवि राज, मुकेश आनंद और रामजी प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

पहले दिन प्रतियोगिता में असम, महाराष्ट्र, बंगाल, गुजरात और झारखंड समेत अन्य राज्यों के प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता कल भी जारी रहेगी, जिसमें प्रतिभागियों की नृत्य क्षमता का प्रदर्शन होगा।

निर्णायक मंडली द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर क्लासिकल, सेमी-क्लासिकल, फोक और मॉडर्न ग्रुप के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष श्रुति सिन्हा और सचिव पुरुषोत्तम कुमार दास सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।













