कोर्ट रोड स्थित नवजीवन नर्सिंग होम में मंगलवार को दोपहर 3 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर नवजीवन नर्सिंग होम एवं रोटरी गिरिडीह कपल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 40 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। शिविर में अस्पताल के कर्मचारियों के साथ-साथ रोटरी के सदस्यों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। परीक्षा खंडेलवाल सहित कई लोगों ने पहली बार रक्तदान किया और उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नवजीवन नर्सिंग होम की सीईओ डॉ. स्वाति बगेड़िया ने बताया कि गिरिडीह में रक्त की कमी न हो, इसके लिए हर वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि नवजीवन नर्सिंग होम चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर सेवा देने के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में रोटरी कपल के अध्यक्ष हरिंदर सिंह मोंगिया, सचिव अनित खंडेलवाल, प्रोजेक्ट चेयर शीतल गोरीसरिया, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन अरविंद कुमार सहित कई चिकित्सक व सदस्य उपस्थित रहे।













