गिरिडीह बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर गणित मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जीडी बगड़िया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुशवाहा, विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कमल, प्रमुख कोकिल चंद एवं अजीत मिश्रा द्वारा महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने गणित के विभिन्न आयामों पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए और रामानुजन के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. अनिल कुशवाहा ने कहा कि गणित से घबराने की बजाय उसे सरलता से समझने की आवश्यकता है, वहीं प्रधानाचार्य ने जीवन के हर क्षेत्र में गणित की अहम भूमिका बताई।

वहीं विद्यालय के लिए गौरव की बात यह रही कि 36वें प्रांतीय खेलकूद समारोह, रतनपुर (टुंडी) में शिशु वर्ग की बहनों ने कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने इसे छात्राओं की मेहनत और कोच अनिता कुमारी के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्यों एवं कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।













