गिरिडीह बरगंडा स्थित विश्वनाथ मंदिर सार्वजनिक काली मंडा परिसर में मंदिर सेवा को समर्पित दुर्गा राम के 50 वर्षों की निस्वार्थ सेवा के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय कुमार बगड़िया के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के दौरान दुर्गा राम को उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और निरंतर सेवा भावना के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने उनके योगदान को प्रेरणादायी बताते हुए मुक्त कंठ से सराहना की।

सम्मान समारोह के बाद सायं 4 बजे से 7 बजे तक भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भक्तिमय भजनों से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भजनों पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में अध्यक्ष अजय कुमार बगड़िया ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।













