Aba News

आज से शुरू “गुड गवर्नेंस वीक– प्रशासन गांव की ओर” अभियान, 25 दिसंबर तक लगेंगे शिविर

गिरिडीह, 19 दिसंबर 2025: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने जानकारी दी कि जिले में आज से “गुड गवर्नेंस वीक– प्रशासन गांव की ओर” अभियान की विधिवत शुरुआत हो गई है, जो आगामी 25 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस अभियान के तहत जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी प्रखंडों और पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना, उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा प्रशासन को सीधे ग्रामीण जनता से जोड़ते हुए सुशासन को मजबूती देना है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि अभियान के दौरान प्रखंड और पंचायत स्तर पर लगाए जाने वाले शिविरों में आम जनता की समस्याओं और आवेदनों का ऑन-स्पॉट निपटारा किया जाएगा। साथ ही प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए अभियान की दैनिक प्रगति की जानकारी संबंधित पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड की जाएगी। इस पोर्टल पर शिविरों में प्राप्त एवं निपटाई गई जन शिकायतों की संख्या, सीपीग्राम्स और राज्य पोर्टलों पर निस्तारित शिकायतों का विवरण, ऑनलाइन सेवा वितरण से जुड़ी नई सेवाओं की जानकारी, निपटाए गए आवेदनों की संख्या, सुशासन से जुड़ी बेहतर प्रथाओं का संकलन, प्रचार-प्रसार गतिविधियों के फोटोग्राफ तथा जन शिकायतों के समाधान से जुड़ी सफलता की कहानियां भी साझा की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जन जागरूकता बढ़ाने और प्रशासनिक सेवाओं को लोगों के और करीब लाने का माध्यम भी बनेगा। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका समाधान निर्धारित समय सीमा में किया जाए, ताकि “प्रशासन गांव की ओर” अभियान सही मायनों में सुशासन की भावना को जमीन पर उतार सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें