गिरिडीह जिले में एक बार फिर बिजली संकट गहराने वाला है। डीवीसी द्वारा आपूर्ति में भारी कटौती के चलते जिलेवासियों को नए साल तक परेशानी झेलनी पड़ेगी। गुरुवार से पूरे गिरिडीह में हर एक घंटे बाद दो घंटे की लोडशेडिंग लागू कर दी गई है। बिजली विभाग के अनुसार डीवीसी से मिलने वाले 55 मेगावाट के मुकाबले अब मात्र 20 मेगावाट बिजली ही उपलब्ध हो पा रही है, जिससे शहरी इलाकों में हालात और गंभीर हो गए हैं।

इस कटौती का सबसे ज्यादा असर गिरिडीह शहर के फीडर एक, दो और चार पर पड़ेगा, जहां बिजली आपूर्ति पूरी तरह डीवीसी पर निर्भर है। बताया जा रहा है कि कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन में तकनीकी खामी उत्पन्न हो गई है, जिसके कारण डीवीसी ने गिरिडीह की आपूर्ति घटाकर कोडरमा को प्राथमिकता दी है। जब तक तकनीकी गड़बड़ी दूर नहीं होती, तब तक बिजली संकट बने रहने की संभावना है।












