गिरिडीह प्रकाश पुंज पब्लिक स्कूल, पाण्डेयडीह सिरसिया में लगातार दो महीनों से चल रहे “योग एक औषधि” शिविर का समापन समारोह बुधवार 17 दिसंबर 2025 को भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस दौरान छात्रों को शीर्षासन, वृक्षासन, ताड़ासन, भुजंगासन, सूर्य नमस्कार, कपोतासन, धनुरासन, चक्रासन, हलासन और अनुलोम-विलोम सहित कई योगासन का नियमित अभ्यास कराया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने कठिन योगासनों का सहज प्रदर्शन कर मुख्य अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसआई चंदन तिवारी एवं मंगरोडीह मुखिया आशा देवी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान किरण कुमारी, द्वितीय स्थान सुधांशु कुमार वर्मा एवं तृतीय स्थान अंश राज ने प्राप्त किया। विद्यालय के प्रिंसिपल श्याम सुंदर प्रसाद वर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है और योग के माध्यम से रोगमुक्त समाज का निर्माण आवश्यक है। कार्यक्रम को सफल बनाने में योग शिक्षक बसंत आनंद सहित मेनका महतो, उमा भारती, पूर्णिमा महतो, ज्योति सिन्हा, विनोद राय, अरुण राणा एवं अंजली की सराहनीय भूमिका रही।













