गिरिडीह शहर को जाम की गंभीर समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम और यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शहरी क्षेत्र के नेताजी चौक, अंबेडकर चौक से टावर चौक होते हुए कोर्ट रोड तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो और यातायात इंस्पेक्टर दुग्गन टोपनो ने किया। इस दौरान फोरलेन सड़क के किनारे वाहन खड़े करने वालों का चालान काटा गया, जबकि कई वाहन चालकों को चेतावनी देकर आगे से सड़क किनारे पार्किंग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

नगर प्रबंधक ने बताया कि फोरलेन सड़क बनने के बावजूद सड़क किनारे वाहन खड़े करने और ठेला-खोमचा लगाने से जाम की समस्या बनी हुई है। कोर्ट परिसर के आसपास भी अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण की शिकायत अधिवक्ता संघ से मिली थी। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अभियान तेज किया गया है। यातायात इंस्पेक्टर ने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहन सुरक्षित और निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि आवागमन सुचारू रहे।












