गिरिडीह गिरिडीह जिले के भरकट्टा प्रखंड अंतर्गत तुलाडीह स्थित सामुदायिक भवन में केंद्रीय माहुरी वैश्य नवयुवक समिति के तत्वावधान में एवं मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह के सहयोग से माहुरी युवा मंच, भरकट्टा द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान सह निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां मथुरासिनी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुए इस शिविर में कुल 37 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, वहीं मर्सी हॉस्पिटल के चिकित्सकों द्वारा करीब 150 मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर परामर्श दिया गया।शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ. पी. एल. मिश्रा, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल शाहबादी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोइस उद्दीन एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने अपनी सेवाएं दीं।

कार्यक्रम में केंद्रीय माहुरी वैश्य मंडल, नवयुवक समिति के पदाधिकारी, मर्सी हॉस्पिटल के प्रतिनिधि तथा जिला परिषद सदस्य सूरज सुमन सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। अध्यक्ष संजीत तर्वे ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और आगे भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।












