गिरिडीह। बरमसिया स्थित सवेरा सिनेमा हॉल में ऑल इंडिया चंद्रवंशी युवा एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी महाराज जरासंध वार्षिक महोत्सव की जानकारी दी गई। प्रेस वार्ता में प्रदेश संयोजक अजीत कुमार पप्पू, प्रदेश अध्यक्ष भीम रवानी, नगर अध्यक्ष रूपेश चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राम चंद्रवंशी और अनिल चंद्रवंशी ने महोत्सव की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव 14 दिसंबर, रविवार को गिरिडीह में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान जिला के सभी चंद्रवंशी समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। गिरिडीह के सर्कस मैदान से शोभा यात्रा निकलेगी, जो महाराज जरासंध चौक में माल्यार्पण के बाद टावर चौक और मकतपुर होते हुए सवेरा सिनेमा हॉल पहुंचेगी।
प्रेस वार्ता में यह भी जानकारी दी गई कि कार्यक्रम में गिरिडीह के अलावा अन्य जिलों से भी कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राजन, बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्रवंशी, बिहार राज्य के एमएलसी रामबली सिंह, ओबरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रमोद चंद्रवंशी, मध्य प्रदेश उज्जैन के वरिष्ठ समाजसेवी राजगुरु, झारखंड के रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, कोडरमा, धनबाद और देवघर के अतिथि शामिल होंगे। समाज के पदाधिकारियों ने सभी चंद्रवंशी समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।












