गिरिडीह। जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के मोसफडीह (चंदनटांड) से आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चार वर्षीय मासूम ऋषि वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके नानी घर के सदस्य मौके पर पहुंचे और पचम्बा थाना पुलिस को सूचित किया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया, परिजन रो-रो कर बेहाल हैं। पचम्बा थाना पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझने के लिए तफ्तीश में जुट गई है।
मृतक बच्चे ऋषि के नाना सूरेश प्रसाद महतो और मां ममता देवी ने उसकी हत्या का आरोप उसके पिता राजन कुमार और दादा अर्जुन महतो, दादी जितनी देवी समेत अन्य लोगों पर लगाया है। बताया गया कि पिछले एक साल से अधिक समय से ऋषि के माता-पिता के बीच विवाद चल रहा था। ऋषि के पिता अक्सर नशे में घर आते और ममता देवी और बच्चों के साथ मारपीट करते थे। कई बार पंचायत और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ममता देवी अपने मायके चली गई थी, जबकि ऋषि अपने पिता के साथ घर पर रह रहा था। आज सुबह ऋषि के पिता ने फोन कर उसकी मौत की जानकारी दी, और मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि बच्चे के शरीर पर कई प्रकार के जख्म थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।












