गिरिडीह में सांस्कृतिक और सामाजिक संस्था द रंग की ओर से 23 और 24 दिसंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता ‘आजा नचले’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम गिरिडीह नगर भवन में होगा, जिसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतियोगिता की जानकारी आयोजकों ने प्रेस वार्ता में दी, जिसमें संस्था के संरक्षक अरविंद कुमार, अध्यक्ष श्रुति सिन्हा और सचिव पुरुषोत्तम कुमार दास मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में क्लासिकल, सेमी क्लासिकल, फोक और मॉडर्न डांस की विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर उत्साह इस बात से साफ झलकता है कि इसमें झारखंड, बिहार, बंगाल, ओडिसा, उत्तर प्रदेश, असम, गुजरात और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से करीब 350 प्रतिभागी हिस्सा लेने आ रहे हैं। गिरिडीह में पहली बार इतने बड़े राष्ट्रीय स्तर की नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम की सफलता के लिए सहयोग की अपील की है और कहा है कि यह मंच युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर चमकने का अवसर देगा।












