गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के सलैया, न्यू गिरिडीह स्टेशन के पास हरिचक में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। रेलवे ट्रैक के किनारे क्षत-विक्षत अवस्था में मिले एक युवक के शव ने इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान हरिचक निवासी टुपलाल दास के 30 वर्षीय पुत्र प्रकाश दास के रूप में की गई है। ग्रामीणों के अनुसार सुबह लोग जब रोज की तरह खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। घटनास्थल पर कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और भयावह दृश्य देखकर लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रैक का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रकाश बेहद शांत स्वभाव के थे और पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घर में पत्नी और दो छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं, जो अभी समझ भी नहीं पा रहे कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है और गांव में हर कोई इस दर्दनाक घटना से मर्माहत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की पूरी जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने की मांग की है, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।












