गिरिडीह जिले में पहला बायो डायवर्सिटी पार्क तेजी से आकार ले रहा है। यह भव्य पार्क पीरटांड़ प्रखंड के कुम्हारलालो में 90 हेक्टेयर क्षेत्र में वन विभाग द्वारा विकसित किया जा रहा है। शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर बन रहे इस पार्क को मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह पार्क प्राकृतिक विविधता और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से जिले का पहला और अनोखा केंद्र होगा।


पार्क में पर्यटकों के लिए कई आकर्षक सुविधाएं तैयार की जा रही हैं, जिनमें नक्षत्र गार्डन, रोज गार्डन, नवग्रह सेंटर, 40 तरह के गुलाब, 20 तरह की बांस प्रजातियां, क्लॉक टॉवर, वॉच टॉवर, तालाब, फाउंटेन, कॉटेज, बर्ड्स जोन, बच्चों के लिए ओपन पार्क व जिम, सनसेट पॉइंट और रेस्टोरेंट शामिल हैं। बराकर नदी के किनारे स्थित यह पार्क प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने वालों के लिए एक नया पर्यटन केंद्र साबित होगा, जहां लोग प्रकृति के बीच यादगार पल बिता पाएंगे।












