Aba News

दो बाइकों की आमने–सामने भीषण टक्कर, चार युवक घायल — एक की हालत नाज़ुक

जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बनपुरा–चिचाकी मुख्य सड़क पर सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार कुल चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाते ही बगोदर के उप प्रमुख हरेन्द्र कुमार सिंह पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों में एक युवक की स्थिति बेहद गंभीर है, जिसे रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

घायलों में संदीप कुमार (ग्राम मधवा, पचम्बा), विक्रम पांडेय (पिता–कुलदीप पांडेय, ग्राम कुसमरजा) और दो अन्य युवक शामिल हैं, जिनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिससे टक्कर अत्यंत भयावह हो गई और बाइकों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें