गिरिडीह के बिरनी प्रखंड में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पेशम रोड से कुम्हार टोला तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत के बाद पूर्व विधायक बिनोद कुमार सिंह के निर्देश पर भाकपा माले प्रखंड सचिव शेखर शरण दास ने साइट पर जाकर जांच की। जांच में पाया गया कि सड़क के फर्स्ट लेयर में केवल डस्ट डाला गया है और मेंटल की मात्रा नियमानुसार नहीं है। साथ ही सड़क की चौड़ाई भी मानक के अनुसार नहीं बनाई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि फेवरेट मशीन का भी इस्तेमाल संवेदक द्वारा नहीं किया जा रहा है।

भाकपा माले सचिव ने आरडब्ल्यूडी एसडीओ सुरेश पासवान से दूरभाष पर वार्ता कर कहा कि जांच पूरी होने तक सड़क निर्माण कार्य रोका रहेगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि कार्य तब तक नहीं चलेगा जब तक गुणवत्ता की जांच उनकी मौजूदगी में नहीं की जाएगी। मौके पर भाकपा माले नेता बासुदेव साव, कामेश्वर मंडल, हीरामन दास समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे और उन्होंने संवेदक की मनमानी रोकने की मांग की।













