गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पेसराबहियार योगीटांड़ निवासी मूकबधिर युवक दौलत कुमार (26 वर्ष) पिछले आठ दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता है। परिजनों ने शुक्रवार को मीडिया के माध्यम से उसके शीघ्र पता लगाने की अपील की है। परिजन मोहन दास ने इसकी लिखित सूचना मुफस्सिल थाना में भी दी है, लेकिन अब तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार खोजबीन के बावजूद युवक का कहीं कोई पता नहीं चलने से परिवार गहरी चिंता में है।

परिजनों के अनुसार दौलत कुमार 27 नवंबर की रात लगभग 8 बजे भोजन कर सोने गया था, लेकिन रात में जब भाई की नींद खुली तो उसने देखा कि दौलत अपने कमरे में नहीं है। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लापता युवक का रंग सांवला, लंबाई लगभग 4 फीट 8 इंच, और घटना के समय वह सफेद कोट व नीले-काले रंग की जींस पहने हुए था। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उसकी सुरक्षित बरामदगी की अपील की है।












