गिरिडीह और हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित चलपनिया और आठमाइल में रांची उत्पाद विभाग की सघन कार्रवाई में नकली विदेशी शराब बनाने की एक बड़ी फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। विभाग को पिछले कई दिनों से यहां बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार होने की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद आयुक्त के निर्देश पर इंटेलिजेंस टीम ने यह बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी कृष्णा साव के घर में की गई, जहां से भारी संख्या में विदेशी शराब, करीब 4,000 लीटर स्पिरिट, शराब बनाने के उपकरण और झारखंड व उत्तर प्रदेश सरकार के नकली होलोग्राम बरामद किए गए।

बताया जा रहा है कि यहां तैयार की जा रही नकली शराब की तस्करी झारखंड, बिहार सहित कई अन्य राज्यों में की जाती थी। बरामद शराब और स्पिरिट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल उत्पाद विभाग मामले की गहन जांच कर रहा है और पूरे रैकेट की पड़ताल की जा रही है। गिरिडीह से हमारे संवाददाता एजाज अहमद ने दी ये विस्तृत जानकारी।












