गिरिडीह में मंगलवार को महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा के खिलाफ वैश्विक अभियान ओरेंज द वर्ल्ड के तहत इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा ट्रेंड्स मॉल के समीप नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल के बच्चों ने प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर समाज को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि आज भी महिलाएं कई प्रकार की हिंसा और अत्याचार का सामना कर रही हैं। ऐसे में आवश्यक है कि उन्हें शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाया जाए।

इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष कविता राजगढ़िया, सचिव स्मृति आनंद, संपादक संगीता सिन्हा, सदस्य सुषमा सिन्हा, किरण बर्नवाल, शबाना रब्बानी, पूर्व अध्यक्ष सुमन गौरिसरिया, नमिता जमुवार सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर महिलाओं के अधिकारों, आत्मसम्मान और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।













