गिरिडीह जिले के कई इलाकों में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। भटके हुए झुंड के कारण जहां किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, वहीं कई जगह लोगों की जान पर भी संकट मंडरा रहा है। मंगलवार देर रात तिसरी प्रखंड के जंगली क्षेत्रों में एक बार फिर हाथियों का बड़ा झुंड देखा गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में जुट गई। मनसाडीह पंचायत के निहालपुर गांव में देर रात जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण पूरी तरह भयभीत हैं। लगातार हाथियों की आवाजाही से लोग रातभर जागकर सुरक्षा का इंतज़ाम कर रहे हैं और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।













