गिरिडीह प्रखंड के परसाटांड़ पंचायत में शनिवार को ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुखिया विनोद कुमार वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी सेवाएं उनके doorstep पर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से दिया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र, वृद्धा व विधवा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य बीमा, श्रम विभाग की योजनाओं समेत कई सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन जमा कर योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया पूर्ण की।













