गिरिडीह जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल पसरा हुआ है। सोमवार सुबह बिरनी प्रखंड के गादी पंचायत में हाथियों के एक झुंड ने तांडव मचा दिया। खेत की ओर गए शांति देवी (पति–बासुदेव पंडित) और बोधी पंडित (पिता–बासुदेव पंडित) को झुंड ने अचानक कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान पेशम गांव की सुदामा देवी (पति–दिनेश सिंह) पर भी हाथियों ने हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें गिरिडीह के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और ग्रामीण जंगल के आसपास जाने से कतराने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी प्रभारी और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वहीं पेशम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गुड्डू सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से हाथियों को गांव से दूर भगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। लगातार गांवों में हाथियों के प्रवेश से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं, जबकि वन विभाग भी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है। फिलहाल इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है, क्योंकि कोई नहीं जानता कि हाथियों का झुंड कब और कहां फिर से हमला कर सकता है।












