बिहार के समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र में शनिवार (8 नवंबर) को KSR कॉलेज के पास सड़क किनारे बड़ी संख्या में वीवीपैट की पर्चियां मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों ने जब जमीन पर बिखरी पर्चियां देखीं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई और देखते ही देखते मौके पर एसडीओ, डीएसपी समेत कई अधिकारी पहुंच गए। अधिकारियों ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों की मौजूदगी में सभी पर्चियों को जब्त किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में चुनावी कार्यों में लापरवाही की बात सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। चुनावी माहौल के बीच वीवीपैट पर्चियों का यूं सड़क किनारे मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए पूरी पारदर्शिता से जांच की जाएगी।












