तिसरी थाना क्षेत्र के गड़ाकुरा गांव में शुक्रवार देर शाम लापता युवक विनोद मरांडी का शव सुरंगवा जंगल से बरामद हुआ। विनोद दो दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। खोज के दौरान उसकी बाइक जंगल किनारे झाड़ियों में मिली, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। जंगल के भीतर उसका शव बुरी तरह झुलसा हुआ पाया गया। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत की आशंका जताई गई है।
मृतक के साथी लालो मरांडी ने बताया कि दोनों शिकार के लिए गए थे, जहां खेत किनारे हाई वोल्टेज तार में विनोद फंस गया। पुलिस ने खेत मालिक बढ़न महतो और नारायण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है और आरोप लगाया कि घटना को छुपाने का प्रयास किया गया। एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।












