गिरिडीह बुधवार को सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल की मुख्य शाखा के साथ-साथ बरगंडा और पचंबा शाखा में गुरु नानक देव जी की जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किएबच्चों ने गुरुनानक देव जी के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों और भक्ति गीतों के माध्यम से गुरु के उपदेशों को जीवंत किया। मुख्य शाखा में बच्चों ने गुरुद्वारा का सुंदर प्रारूप तैयार किया, जहां उन्होंने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और सेवा का संदेश दिया।

बरगंडा और पचंबा शाखाओं में भी विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। शिक्षकों ने बच्चों को सिख धर्म, सेवा, लंगर और समानता जैसे मूल्यों से परिचित कराया। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य, भजन और कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शिक्षकों ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं — सच्चाई, सेवा, विनम्रता और समानता — को अपनाने का संदेश देते हुए बच्चों को प्रेरित किया। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक उत्सव बना बल्कि बच्चों के नैतिक और व्यक्तित्व विकास का माध्यम भी साबित हुआ।












