जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय सभागार में कुष्ठ रोग खोज अभियान (LCDC) 2025 के सफल आयोजन को लेकर जिला समन्वय समिति की बैठक की। बैठक में सिविल सर्जन और अन्य अधिकारियों को आगामी 10 से 26 नवंबर तक पूरे जिले में डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से कुष्ठ रोगियों की पहचान करने की रूपरेखा से अवगत कराया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ अभियान संचालन का निर्देश दिया। उन्होंने सहिया, एएनएम और मेडिकल अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान कुष्ठ के साथ अन्य बीमारियों की जानकारी देने तथा संभावित रोगियों की सूची नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजने पर जोर दिया। यादव ने अभियान को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा।












