गिरिडीह शहर में दीपावली का पर्व इस वर्ष भी उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। शहरवासियों ने अपने घरों को रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट से रोशन किया। जगह-जगह मिठाइयों की खुशबू और आतिशबाजी की चमक ने माहौल को पूरी तरह त्योहारमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

वहीं काली पूजा को लेकर भी शहर के मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। कालीबाड़ी बरगंडा, शमशान घाट, बाभन टोली और मकतपुर स्थित बांग्ला स्कूल परिसर में भव्य पूजा पंडाल बनाए गए थे। मां काली की आकर्षक प्रतिमा और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे पंडाल भक्तों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया।













