दीपावली के समापन के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पूरे उत्साह के साथ दस्तक दे चुका है। इसी कड़ी में मंगलवार को गिरिडीह जिले में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झामुमो नेताओं के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेन्द्र प्रसाद, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज कुमार सिंह समेत नगर, मुफस्सिल और पंचबा थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। मंत्री सोनू ने गरहाटांड़, झारियगादी, दीनदयाल उपाध्याय, शिव शक्ति, अरगाघाट, मैट्रोस गली, शीतलपुर-पांडेयडीह, सिरसिया, आदर्श नगर, सिहोडीह, आश्रम, प्रोफेसर कालोनी, पेसरागढ़, बुढ़वा आहार, सोना आहार और बक्सीडीह जैसे प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की सफाई व्यवस्था, लाइटिंग, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को छठ पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। मंत्री ने बताया कि छठ घाटों पर कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और जल्द ही पूरा शहर आस्था और उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे स्वच्छता में प्रशासन का सहयोग करें ताकि यह महापर्व शांति, श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हो सके।












