गिरिडीह नगर में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई द्वारा “एक दिया शहीदों के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देना था जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। दीपों की रौशनी में जब शहीदों को नमन किया गया, तो पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। परिषद के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थियों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रगान और देशभक्ति के गीतों से माहौल को और अधिक जोशपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों से गिरिडीह की फिजा गूंज उठी। नगर मंत्री नीरज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि “शहीद हमारे आदर्श हैं, उनके बलिदान के कारण ही हम आज स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हर विद्यार्थी को राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा की भावना रखनी चाहिए।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देशहित में एकजुट होकर कार्य करें और शहीदों के पदचिह्नों पर चलें।
इस अवसर पर जिला संयोजक मंटू मुर्मू, प्रदेश मीडिया संयोजक गुड्डू राय, नगर उपाध्यक्ष राजेश पांडे, नगर सह मंत्री अनीश रॉय सहित कई पदाधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया। दीपों की ज्योति के साथ यह संदेश दिया गया कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और उनकी प्रेरणा से समाज में सदैव राष्ट्रवाद की लौ जलती रहेगी।












