भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय व्यवसायिक कार्यालय, गिरीडीह द्वारा 17 अक्टूबर को स्थानीय झंडा मैदान में ग्राहक जागरूकता हेतु आयोजित नुक्कड़ नाटक ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस नाटक में कार्यालय के कर्मचारियों—आदित्य, बादल, आसिफ, सुरेश्वरी, तनुश्री, आकाश और सिद्धेश—ने शानदार अभिनय के माध्यम से डिजिटल ठगी, डिजिटल अरेस्ट और साइबर अपराध के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया। कलाकारों ने अपने अभिनय से यह संदेश दिया कि ऑनलाइन लेनदेन करते समय थोड़ी सी सावधानी से वित्तीय ठगी से बचा जा सकता है। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बैंकिंग फ्रॉड और साइबर ठगों से सतर्क करना है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी परिस्थिति में डरने की बजाय तुरंत अपनी नजदीकी शाखा या बैंक हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और नुकसान से बचा जा सके।
श्री सिन्हा ने आगे कहा कि भारतीय स्टेट बैंक हमेशा अपने ग्राहकों की मेहनत की कमाई की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने एटीएम कार्ड, पासवर्ड, ओटीपी या इंटरनेट बैंकिंग की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने डिजिटल युग में जागरूकता को ही सबसे बड़ा हथियार बताया। स्टेट बैंक के इंटरनेट बैंकिंग एप SBI YONO के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह एप सुरक्षित, सुविधाजनक और ग्राहकों के लिए बहुउद्देश्यीय है, जिससे लेनदेन करना आसान हो जाता है। साथ ही, ग्राहक इस एप के माध्यम से किसी भी वित्तीय धोखे या समस्या की शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं। इस अवसर पर बैंक के अधिकारी रवि शास्त्री और संतोष शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को सरल भाषा में ठगी से बचने के तरीके बताए और डिजिटल सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।












