गिरिडीह जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले गिरिडीह प्रीमियर लीग (GPL) सीजन-3 की तैयारियों का आगाज़ आज गिरिडीह स्टेडियम में पहली बैठक के साथ हो गया। बैठक में बताया गया कि टूर्नामेंट का शुभारंभ 10 नवंबर से किया जाएगा और सभी मैच टी-20 फॉर्मेट में आईपीएल के तर्ज पर आयोजित होंगे। लीग के दौरान टीमों को कलर ड्रेस प्रदान की जाएगी और मैचों का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। वहीं 09 नवंबर को पूर्व वेटरन खिलाड़ियों के बीच एक प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा, जबकि फाइनल के दिन मीडिया बनाम प्रशासन का रोमांचक मुकाबला दर्शकों का मनोरंजन करेगा। बैठक में गिरिडीह जिला क्रिकेट संघ के सचिव संतोष तिवारी, पूर्व क्रिकेटर राजेश सिन्हा, अविनाश यादव, शैलेश सोनू, तथा GPL कमिटी के मेराज खान, प्रतीक सिन्हा और मीनू सिंह मौजूद रहे।

पूर्व क्रिकेटर राजेश सिन्हा ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें गिरिडीह के साथ-साथ अन्य जिलों की टीमें भी शामिल होंगी। विजेता और उपविजेता टीमों को कुल डेढ़ लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी, साथ ही हर मैच में मैन ऑफ द मैच घोषित किया जाएगा। जिला क्रिकेट संघ के सचिव सह कोच संतोष तिवारी ने कहा कि गिरिडीह से अब तक लगभग 22 खिलाड़ी राज्य स्तरीय क्रिकेट खेल चुके हैं और उनका उद्देश्य है कि जिले के खिलाड़ियों को एक बेहतर मंच प्रदान किया जाए। मेराज खान, अविनाश यादव और मीनू सिंह ने बताया कि यह टूर्नामेंट उन क्रिकेटरों के लिए एक अवसर होगा जो बड़े टूर्नामेंट से वंचित रह जाते हैं। वर्तमान में मैदान की तैयारी ज़ोर-शोर से चल रही है और 8 नवंबर तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट में पूर्व क्रिकेटरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक चेहरों को भी जोड़ा जाएगा ताकि यह आयोजन और भव्य बन सके।












