Aba News

गांव में मेला घूमने गई महिला व पुत्री के साथ छेड़खानी, विरोध करने पर मां-बेटे की पिटाई

गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के नावाटांड़ गांव में मेला घूमने गई एक महिला और उसकी पुत्री के साथ छेड़खानी एवं मारपीट की घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। पीड़ित परिवार ने इस मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन के अनुसार, 13 अक्टूबर को नावाटांड़ निवासी अयुब अंसारी की पत्नी असमा खातून और पुत्री शबनम प्रवीण मेला देखने गई थीं। इसी दौरान गांव के ही सुड्डू अंसारी और उसके मित्र, जो नगर थाना क्षेत्र के मछली मुहल्ला के रहने वाले बताए गए हैं, ने महिला के दुपट्टा खींचकर छेड़खानी की। जब असमा खातून ने विरोध किया तो सुड्डू ने उन पर हमला कर दिया और नाक पर चोट पहुंचाई। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों और मेला समिति के हस्तक्षेप से मामला अस्थायी रूप से शांत हुआ।

हालांकि, मामला यहीं नहीं रुका। अगले ही दिन पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों में सुलह की बात हुई थी, लेकिन 16 अक्टूबर की शाम सुड्डू अंसारी, इरफान उर्फ डीसी और राजन ने अमजद अंसारी उर्फ पप्पू पर अचानक हमला बोल दिया। बताया जाता है कि हमलावरों ने पहले उसकी गाड़ी को रास्ते में रोका, फिर बेरहमी से लात-घूंसों से पिटाई की और इरफान ने चाकू से वार करने का भी प्रयास किया। जब अयुब अंसारी बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया गया। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा, जहां अमजद अंसारी का इलाज जारी है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें