गिरिडीह। इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा हाल ही में दो भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध आयोजनों का सफल आयोजन किया गया — वरिष्ठ सदस्यों के सम्मान समारोह और दीपावली मिलन। 15 अक्टूबर को नेचर व्यू में आयोजित वरिष्ठ सम्मान कार्यक्रम में क्लब की वरिष्ठ सदस्याओं को पारंपरिक तिलक, पुष्पवर्षा और कविता पाठ के साथ भावनात्मक रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में रैम्प वॉक, गेम्स और हास्य कविताओं ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। सम्मानित सदस्याओं को सैश, क्राउन और उपहार भेंट कर क्लब ने उनके वर्षों के योगदान को सराहा। वरिष्ठ सदस्याओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें जीवनभर याद रहेगा, क्योंकि इसमें अपनापन, स्नेह और आदर की भावना झलक रही थी।

क्लब ने इसके बाद दीपावली मिलन समारोह का भी आयोजन किया, जिसे “स्वदेशी और पर्यावरण-संवेदनशील दीपावली” की थीम पर मनाया गया। सदस्याओं ने मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित सजावट और स्वदेशी उत्पादों का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया। दीपों की रोशनी, मिठाइयों की मिठास और सौहार्द्र के वातावरण में यह पर्व एकता और पर्यावरण-जागरूकता का प्रतीक बना। दोनों आयोजनों की अगुवाई पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन पूनम सहाय और क्लब अध्यक्ष कविता राजगढ़िया ने की। चार्टर्ड अध्यक्ष रंजना बागरिया, सचिव स्मृति आनंद, कोषाध्यक्ष मनीषा कपिसावे एवं अन्य सदस्याओं — सुमन गौरीसरिया, तनुजा सहाय, सुनीता बरनवाल, तनुजा भूषण, सुषमा जैन, उषा डोकानियां, उषा केडिया, सुनीता सिन्हा, संगीता सिंह आदि की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफलता की नई ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया।












