गिरिडीह पुलिस ने बुधवार रात जाली नोट गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने जमुआ थाना क्षेत्र के चन्दा मोड़ के पास सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां पुलिस ने दो मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध युवकों को देखा। पुलिस वाहन देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन दो युवकों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि दो फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार राणा और नितीन कुमार के रूप में हुई है। तलाशी में अभिषेक के पास से ₹45,000 के जाली नोट, एक मोबाइल और यामाहा FZS मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने जाली नोट खपाने की बात स्वीकार की। फरार आरोपियों योगेश मंडल और राज उर्फ राजेश मंडल की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। इस अभियान में जमुआ, धनवार, घोड़थम्भा और हिरोडीह थानों की पुलिस शामिल रही।













